तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से जुगाड़ गाड़ी चालक की मौत

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से जुगाड़ गाड़ी चालक की मौत

गुलजार बड़ी के समीप अहले सुबह हुआ हादसा, घर से निकलने के कुछ देर बाद ही काल बन कर आया ट्रक

किशनगंज. कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत गुलजार बड़ी के समीप शनिवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक जुगाड़ गाड़ी चालक की मौत हो गयी. तेज रफ्तार ट्रक ने जुगाड़ गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गयी.

मृतक की पहचान 38 वर्षीय अब्दुल कासिम के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि अब्दुल शनिवार की अहले सुबह अपनी जुगाड़ गाड़ी लेकर काम के लिए घर से निकला था. जैसे ही वह गुलजार बड़ी के समीप पहुंचा, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अब्दुल की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा.

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >