किशनगंज. जिले में मद्यनिषेध और उत्पाद विभाग की ओर से शराब तस्करों व इसका कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्लॉक चौक पर विशेष जांच अभियान चलाकर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त करने में सफलता हासिल की है. जानकारी के अनुसार, उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी व सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ब्लॉक चौक पर गाड़ियों की सघन जांच कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा आता हुआ दिखा. पुलिस टीम ने जब चालक को रुकने का इशारा किया, तो कार्रवाई के डर से ई-रिक्शा चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. उत्पाद विभाग की टीम ने लावारिस हालत में खड़े ई-रिक्शा की गहन तलाशी ली, तो उससे 71.90 लीटर अवैध शराब मिली. विभाग ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल हो रहे ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है. उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि ई-रिक्शा चालक अंधेरे या भीड़भाड़ का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा. हालांकि गाड़ी को जब्त कर लिया गया है और तस्कर की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है. उसे जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. उत्पाद विभाग ने मामले में फरार आरोपित के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
ई-रिक्शा से अवैध शराब बरामद, चालक फरार
उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई
