किसानों को मिली बड़ी सौगात, सांसद डॉ जावेद ने किया कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन

किसानों को मिली बड़ी सौगात, सांसद डॉ जावेद ने किया कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन

अब सुरक्षित रहेगी किसानों की मेहनत, बेहतर दाम मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी मजबूत

पोठिया. बुधरा स्थित टाटा भट्टा के समीप रविवार का दिन क्षेत्र के कृषि इतिहास में एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया. किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने फीता काटकर ””सेख यूसुफ एंड संस कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड”” का विधिवत शुभारंभ किया. इस आधुनिक भंडारण सुविधा के शुरू होने से अब स्थानीय किसानों और व्यापारियों को अपनी फसल सुरक्षित रखने के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा.

किसानों के लिए मील का पत्थर : सांसद

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ मोहम्मद जावेद ने कहा कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से आधुनिक भंडारण केंद्र की मांग कर रहे थे. अब आलू सहित अन्य कृषि उत्पादों को नियंत्रित तापमान में लंबे समय तक संरक्षित रखा जा सकेगा. इससे न केवल फसलों की बर्बादी रुकेगी, बल्कि किसानों को बाजार में सही समय पर बेहतर दाम भी मिल सकेंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि कृषि क्षेत्र की मजबूती ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की असली बुनियाद है.

परिवहन लागत में आएगी कमी

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने कहा कि यह कोल्ड स्टोरेज पोठिया व आसपास के इलाकों के विकास में मील का पत्थर साबित होगा. स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से किसानों की परिवहन लागत घटेगी और उनकी शुद्ध आमदनी में इजाफा होगा. वरिष्ठ नेता जहांगीर आलम ने भी इसे क्षेत्र की बड़ी जरूरत बताते हुए कहा कि अब किसान बेहतर बाजार रणनीति अपना सकेंगे.

अत्याधुनिक तकनीक से लैस है इकाइ

कोल्ड स्टोरेज के संचालक शेख यूसुफ ने बताया कि यह संस्थान बिहार सरकार से विधिवत लाइसेंस प्राप्त है. यहाँ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अत्याधुनिक मशीनों से तापमान नियंत्रण की व्यवस्था की गई है. स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का विशेष ख्याल रखा गया है ताकि किसानों को पारदर्शी और उच्च स्तरीय सेवा मिल सके. इस ऐतिहासिक अवसर पर हाजी सईद, मुखिया औरंगजेब, मेराज शानी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग, किसान व व्यवसायी मौजूद थे. स्थानीय लोगों ने इस पहल को विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >