उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार व साहित्यिक विरासत को सशक्त बनाने पर जोर

उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार व साहित्यिक विरासत को सशक्त बनाने पर जोर

किशनगंज में जिला स्तरीय फ़ारोग़-ए-उर्दू कार्यशाला व मुशायरा आयोजित

किशनगंज. जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता (एडीएम) अमरेन्द्र कुमार पंकज की अध्यक्षता में खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला स्तरीय फ़ारोग़-ए-उर्दू कार्यशाला, सेमिनार व मुशायरे का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना व इसकी समृद्ध साहित्यिक व सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाना था. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अपर समाहर्ता (एडीएम) अमरेन्द्र कुमार पंकज व जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. उद्घाटन सत्र के उपरांत अतिथियों द्वारा जिला उर्दू नामा, किशनगंज–2025 नामक पुस्तक का विमोचन किया गया. उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने उर्दू भाषा की ऐतिहासिक भूमिका, सामाजिक समरसता में योगदान और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला. कार्यशाला एवं सेमिनार में जिले के साहित्यकार, शायर, शिक्षक और उर्दू प्रेमियों ने सक्रिय भागीदारी की. प्रतिभागियों ने उर्दू भाषा के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके प्रभावी प्रसार पर विचार व्यक्त किए. आयोजित मुशायरे में शायरों ने अपने उत्कृष्ट कलाम प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया, वहीं साहित्यिक चर्चाओं ने कार्यक्रम को बौद्धिक उंचाई प्रदान की और पूरे वातावरण को साहित्यिक रंग में सराबोर कर दिया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने इस प्रकार के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि उर्दू भाषा और साहित्य को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके तथा इसकी समृद्ध परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके. जिला प्रशासन ने भी भाषा एवं सांस्कृतिक विकास से जुड़े ऐसे प्रयासों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इस अवसर पर एडीएम (आपदा प्रबंधन), एडीएम (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, वरीय उपसमाहर्ता ब्रजेश कुमार एवं उर्दू अनुवादक असीम अकरम सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >