पोठिया में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक दर्जन से अधिक नावें ध्वस्त

पोठिया में प्रशासन ने अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी कर एक दर्जन से अधिक नावों को नष्ट किया और बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया। माफियाओं में हड़कंप मचा।

पोठिया (किशनगंज) . पोठिया प्रखंड में अवैध बालू खनन के खिलाफ शनिवार की तड़के सुबह खनन विभाग, अंचल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सातमेढ़ी, गुवाबाड़ी सहित कई बालू घाटों पर छापेमारी अभियान चलाया. इस कार्रवाई से बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया.

एक दर्जन से अधिक नावें की गईं नष्ट

छापेमारी के दौरान सातमेढ़ी घाट पर अवैध बालू खनन में प्रयुक्त बांस-बत्ती और सोला से बनी एक दर्जन से अधिक नावों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया. वहीं बालू उठाव के लिए नदी किनारे बांधकर रखी गई एक लोहे की नाव को भी जब्त कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

लोहे की नाव बहाने की कोशिश नाकाम

प्रशासनिक टीम को देखकर गुवाबाड़ी घाट पर अवैध खनन में लगे लोग लोहे की नाव खोलकर नदी में बहाने का प्रयास करने लगे. हालांकि पुलिस की तत्परता से नाव को कब्जे में ले लिया गया और उसे सातमेढ़ी घाट लाकर जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया गया.

बालू लदा ट्रैक्टर भी जब्त

छापेमारी के दौरान पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने खजुरबाड़ी घाट से अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को भी जब्त किया. प्रशासन ने संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

छापेमारी अभियान में जिला खनन पदाधिकारी एखलाक हुसैन, खनन निरीक्षक सुनील कुमार, राजस्व पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी, पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार पांडे, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी शैलेश कुमार सहित पुलिस बल मौजूद था.

राजस्व पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर सातमेढ़ी सहित कई घाटों पर विशेष अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी आगे भी लगातार जारी रहेगी और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Amit Kr Sinha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >