किशनगंज जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कार्य संस्कृति से संबंधित बैठक आहूत की गई. बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों की जिला पदाधिकारी के द्वारा समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में कर्मियों की कर्म पुस्तिका के संधारण, संचिकाओं के निर्गमन एवं प्रस्तुतीकरण, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के अनुपालन, नीलाम पत्रवाद, माननीय न्यायालय वाद, आपदा राहत, एसी एवं डीसी विपत्र, लोक शिकायत, अनुशासनात्मक कार्रवाई, सूचना का अधिकार, लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग, सीपी ग्राम, सीएम डैशबोर्ड, सीएम जनता दरबार, सेवांत लाभ, अंतर-विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र सहित अन्य लंबित प्रतिवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक के क्रम में नीलाम से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि सभी पुराने मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएं. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी मामले में थाना स्तर पर संज्ञान नहीं लिया जा रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए. साथ ही नीलाम से संबंधित सबसे पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर अद्यतन करते हुए प्रत्येक सप्ताह स्वयं समीक्षा कर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. जिला पदाधिकारी ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए उनका वेतन स्थगित करने एवं स्पष्टीकरण प्राप्त करने का भी निर्देश दिया गया. बैठक में “सहयोग शिविर” के आयोजन एवं क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई. जिला पदाधिकारी ने अवगत कराया कि 19 मई से जिले में सहयोग शिविर का आयोजन प्रारंभ किया जाएगा, जो प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित होगा. यह कार्यक्रम राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसमें सभी संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित किया गया है तथा रोस्टर के अनुसार पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा.
जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ कार्य संस्कृति की समीक्षा बैठक आयोजित, डीएम ने दिये कई निर्देश
जिला पदाधिकारी ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया
