राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री से मिले पूर्व प्रमुख क्षेत्रीय विकास योजनाओं पर की गयी चर्चा
टेढ़ागाछ की विकास योजनाओं को लेकर पूर्व प्रमुख ने मंत्री के समक्ष रखी मांगें. पुल निर्माण, मॉडल अस्पताल और भूमि समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा
टेढ़ागाछ प्रखंड के पूर्व प्रमुख मो. इस्माइल आजाद ने बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की. इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मांगें मंत्री के समक्ष रखीं.
किशनगंज.
टेढ़ागाछ प्रखंड के पूर्व प्रमुख मो. इस्माइल आजाद ने किशनगंज स्थित एमजीएम कॉलेज परिसर में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर उन्होंने मंत्री को दूसरी बार राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री का दायित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया.मुलाकात के दौरान पूर्व प्रमुख ने टेढ़ागाछ प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं को मंत्री के समक्ष रखा. उन्होंने विशेष रूप से मटियारी घाट एवं सुहिया घाट पर बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण की मांग उठाई. उनका कहना था कि इन दोनों स्थानों पर पुल बनने से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी.मो. इस्माइल आजाद ने प्रखंड में एक आधुनिक एवं सुविधा-संपन्न मॉडल अस्पताल के निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खर्च होती है.इसके अलावा उन्होंने भूमि संबंधी विभिन्न समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया और उनके त्वरित समाधान की मांग की. मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा.