दिघलबैंक-लसुना बॉर्डर पर भंसार कार्यालय शुरू कराने की पहल, बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा

दिघलबैंक-लसुना बॉर्डर पर भंसार कार्यालय शुरू करने के लिए अहम बैठक हुई। इससे व्यापार और सीमावर्ती लोगों की आवाजाही में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

किशनगंज, दिघलबैंक. दिघलबैंक-लसुना बॉर्डर पर भंसार यानी सीमा शुल्क कार्यालय का नियमित संचालन शुरू कराने को लेकर नेपाल के लसुना भंसार कार्यालय परिसर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सीमा क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों और आम राहगीरों को भंसार कार्यालय का नियमित संचालन नहीं होने से हो रही परेशानियों पर चर्चा की गयी. इसके साथ ही सीमा पार आवागमन और व्यापार से जुड़ी समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया.

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने रखीं समस्याएं

बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने सीमा क्षेत्र की जमीनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया. दिघलबैंक पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गणेश सिंह ने दिघलबैंक-लसुना सीमा पर भंसार कार्यालय की स्थापना और नियमित संचालन की आवश्यकता पर जोर दिया.

उन्होंने कहा कि भंसार कार्यालय के नियमित संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी. साथ ही भारत-नेपाल के बीच वैध व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

सीमा शुल्क अधिकारियों ने सुनी व्यापारियों की परेशानी

बैठक में मेची भंसार कार्यालय, काकड़भिट्टा के प्रमुख अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. इसके अलावा भद्रपुर भंसार कार्यालय के प्रमुख अधिकारी, सशस्त्र प्रहरी बल जिला झापा के पुलिस अधीक्षक सह गणनायक सहित नेपाल के कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए. बैठक में झापा गाउँपालिका के पूर्व अध्यक्ष जय नारायण साह, उपाध्यक्ष अंजू देवी थपलिया, सांसद प्रत्याशी देवमन थेवे और विभिन्न वार्डों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से रखी गयी समस्याओं को गंभीरता से सुना.

जल्द संचालन की दिशा में पहल का आश्वासन

बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों ने दिघलबैंक-लसुना बॉर्डर पर भंसार कार्यालय के संचालन को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया. अधिकारियों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्यालय को शीघ्र संचालित करने की दिशा में पहल की जाएगी.

स्थानीय लोगों और व्यापारियों को उम्मीद है कि भंसार कार्यालय के नियमित संचालन से सीमा पार आने-जाने में होने वाली परेशानियां कम होंगी और व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी.

वैध आयात-निर्यात को मिलेगा बढ़ावा

भंसार कार्यालय के संचालन से सीमावर्ती क्षेत्र में वैध व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है. इससे सामान के वैध आयात-निर्यात, सीमा शुल्क और राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं को पूरा करने में व्यापारियों को सुविधा मिल सकती है. इसके अलावा आम लोगों के सीमा पार आवागमन से जुड़ी प्रक्रियाओं में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद जतायी गयी है. बैठक को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बेहतर समन्वय और व्यापारिक सुविधा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नरेंद्र कु गुप्ता

नरेंद्र कु गुप्ता प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. दिघलबैंक (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >