भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पोठिया टीपीझाड़ी में भव्य स्वागत
हेलीकॉप्टर से लैंडिंग, इस्लामपुर का नाम बदलने का ऐलान, कार्यकर्ताओं और भारी पुलिस बल के बीच सभा
पहाड़कट्टा. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को हेलीकॉप्टर से किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड के टीपीझाड़ी सालबागान पहुंचे और दोपहर तीन बजे लैंड किया. वे सीमावर्ती पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में पार्टी की परिवर्तन यात्रा को संबोधित करने गए थे, लेकिन वहां प्रशासन द्वारा हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति न मिलने के कारण उन्हें बिहार में लैंड करना पड़ा. टीपीझाड़ी में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. नितिन नवीन ने कुछ समय कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की व हालचाल जाना. इसके बाद वे कार से इस्लामपुर थाना क्षेत्र के श्रीकृष्णो पहुंचे व परिवर्तन यात्रा की विशाल जनसभा को संबोधित किया. भाषण में नितिन नवीन ने इस्लामपुर शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने की बात कही व कहा कि आगामी बंगाल विधानसभा चुनाव में यदि भाजपा सरकार बनती है तो यह कदम उठाया जाएगा. उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को भ्रष्ट व निक्कमी बताते हुए, राज्य में बदलाव लाने व घुसपैठियों से सुरक्षा सुनिश्चित करने का दावा किया. उन्होंने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाती है.सभा स्थल पर डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, भाजपा नेता सिकंदर सिंह, भाजपा जिला प्रवक्ता कौशल किशोर यादव सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे. विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह, बीडीओ पोठिया मो आसिफ, सीओ मोहित राज, थानाध्यक्ष अंजय अमन और भारी पुलिस बल भी तैनात थे, ताकि सभा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके.
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.