पहाड़कट्टा (किशनगंज). पोठिया थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई चिचुआबाड़ी पिकेट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की. गिरफ्तार आरोपित पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रहने वाले हैं.
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम चिचुआबाड़ी पिकेट प्रभारी ब्रज किशोर बैजू को सूचना मिली कि दो युवक मादक पदार्थ लेकर चिचुआबाड़ी के रास्ते ठाकुरगंज जाने वाले हैं. सूचना के बाद विशेष टीम का गठन कर बिरनाबाड़ी से जलालपुर जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया.
चाय बागान में भागे, पुलिस ने खदेड़कर पकड़ा
नाकाबंदी के दौरान बिरनाबाड़ी चाय बागान के पास एक बाइक पर सवार दो युवक पुलिस वाहन देखकर चाय बागान की ओर भागने लगे. पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर दिनाजपुर जिले के डिहर निवासी 32 वर्षीय मो. गुफरान तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के बसालपुर निवासी 35 वर्षीय तैरुद्दीन के रूप में हुई है.
31.44 ग्राम एमडीएमए, बाइक और मोबाइल जब्त
अंचल अधिकारी की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान बाइक पर रखे झोले से 31.44 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया. पुलिस ने बाइक (निबंधन संख्या WB-92H-1685) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए.
एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए जेल
पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
बंगाल से आने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पश्चिम बंगाल से आने वाले सभी संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
