Bahadurganj Violence Case: बहादुरगंज (किशनगंज). नीट पेपर लीक विरोध के नाम पर बहादुरगंज में हुए उपद्रव के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. घटना के तीसरे दिन भी बहादुरगंज थाना पुलिस ने कांड में नामजद पांच आरोपितों को उनके अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है.
पहले 22 लोगों को लिया गया था हिरासत में
पुलिस के अनुसार आंदोलन वाले दिन घटनास्थल के आसपास से कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया गया था. इनमें से आठ वयस्कों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में किशनगंज जेल भेज दिया गया. वहीं 14 नाबालिग पाए जाने पर उन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए जुवेनाइल कोर्ट भेजा गया.
102 उपद्रवियों की तस्वीर जारी
उपद्रवियों की पहचान के लिए किशनगंज पुलिस ने दूसरी विज्ञप्ति जारी कर 47 लोगों की तस्वीर सार्वजनिक की है. इससे पहले पहली सूची में 55 लोगों की तस्वीर जारी की गई थी. इस तरह अब तक कुल 102 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक की जा चुकी हैं. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे इनमें से किसी की पहचान करते हैं तो तत्काल पुलिस को सूचना दें.
सरकारी संपत्ति और मीडिया पर भी हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार आंदोलन के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस-प्रशासन के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की. सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की गई, दुकानों को निशाना बनाया गया तथा मीडिया कर्मियों पर भी पथराव किया गया. इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है.
68 नामजद और 150 अज्ञात पर प्राथमिकी
Bahadurganj Violence Case: बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 460/2026 दर्ज किया गया है. इस मामले में 68 लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है, जबकि 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपितों की पहचान कर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
