महाशिवरात्रि को लेकर शाही अंदाज में निकलेगी बाबा की बारात

महाशिवरात्रि को लेकर शाही अंदाज में निकलेगी बाबा की बारात

फूलों व रोशनी से जगमगाए शिवालय, भूतनाथ गौशाला मंदिर से ढेकसारा तक सजेगी शिव बारात

किशनगंज. आस्था व श्रद्धा का महापर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष किशनगंज में बेहद खास होने जा रहा है. पर्व को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है. चारों ओर ”हर-हर महादेव” की गूंज सुनाई दे रही है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख मंदिरों को विशेष व आकर्षक ढंग से सजाया गया है. फूलों की महक व रंग-बिरंगी लाइटों से मंदिरों का कोना-कोना जगमगा उठा है.

भूतनाथ गौशाला व डेरुआ मंदिर में विशेष तैयारी

महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष रूप से भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर व डेरुआ काली मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. भक्तों के बीच इस कदर उत्साह है कि जलाभिषेक के लिए सुबह से ही तैयारियों का सिलसिला जारी है. मंदिर कमेटियों ने कतारबद्ध दर्शन के लिए बैरिकेडिंग और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की हैं.

आकर्षण का केंद्र होगी भव्य शिव बारात

इस वर्ष का मुख्य आकर्षण भूतनाथ गौशाला शिव मंदिर से निकलने वाली भव्य शिव बारात होगी. यह शाही बारात मंदिर परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरेगी. बारात में शिव-पार्वती की जीवंत झांकियां, भूत-पिशाच के रूप में सजे श्रद्धालु और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते भक्त आकर्षण का केंद्र रहेंगे. शहर का भ्रमण करते हुए यह शोभायात्रा ढेकसारा काली मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी, जहां विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जाएगा.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शिव बारात व मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन व मंदिर कमेटियों ने सुरक्षा के कड़े पुख्ता इंतजाम किए हैं. बारात के रूट पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष वालंटियर्स तैनात किए गए हैं ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. मंदिर कमेटी के सदस्यों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी बाबा की बारात ऐतिहासिक होगी और महादेव के स्वागत के लिए पूरा शहर तैयार है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AWADHESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >