असम में बाढ़ का तांडव: सिमालुगुड़ी में पटरियों पर भरा पानी, किशनगंज होकर चलने वाली राजधानी समेत कई ट्रेनें रद्द व डायवर्ट

Assam Flood: असम के शिवसागर में भयानक बाढ़ का असर पूर्वोत्तर सीमा रेलवे पर दिख रहा है. सिमालुगुड़ी में पटरियों तक पानी चढ़ने से कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द या डायवर्ट कर दी गई हैं. सीमांचल और उत्तर बंगाल के स्टेशनों पर यात्री परेशान हैं.

Assam Flood: असम के शिवसागर जिले अंतर्गत सिमालुगुड़ी क्षेत्र में आई भयानक बाढ़ का सीधा असर अब पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) के पूरे रेल नेटवर्क पर दिखने लगा है. इलाके में लगातार जारी मूसलाधार बारिश की वजह से उफान पर आई दिखो नदी का पानी सिमालुगुड़ी रेलवे स्टेशन, यार्ड, रेल कॉलोनी और मुख्य पटरियों तक चढ़ गया है. सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने सिमालुगुड़ी-नामतियाली तथा सिमालुगुड़ी-सेलेंघाट रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है. इसका सीधा प्रभाव किशनगंज, कटिहार और एनजेपी से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर पड़ा है.

इन प्रमुख ट्रेनों का बदला गया मार्ग और बदला गया स्टेशन

डिब्रूगढ़, तिनसुकिया और ऊपरी असम को बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और दक्षिण भारत से जोड़ने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें बाढ़ की चपेट में आई हैं:

  • 20505 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस: डिब्रूगढ़ और रंगिया के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी. यह ट्रेन रंगिया जंक्शन से ही नई दिल्ली के लिए रवाना की जा रही है.
  • 12423 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस: डिब्रूगढ़ से गुवाहाटी के बीच आंशिक रूप से रद्द की गई है और इसका परिचालन गुवाहाटी से किया जा रहा है.
  • मार्ग परिवर्तन (Diverted Trains): 20504 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी, 12424 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को डायवर्ट कर रंगिया–रानापारा नॉर्थ–नॉर्थ लखीमपुर मार्ग से डिब्रूगढ़ भेजा जा रहा है.
  • विवेक सुपरफास्ट डायवर्ट: 22504 डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी विवेक सुपरफास्ट एक्सप्रेस को डिब्रूगढ़ और न्यू बोंगाईगांव के बीच परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है.

कामरूप एक्सप्रेस समेत कई इंटरसिटी व पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित

बाढ़ के कारण 15960 कामरूप एक्सप्रेस सहित कई अन्य एक्सप्रेस, इंटरसिटी और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कई ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट (समय से पहले रोकना) और शॉर्ट ओरिजिनेट (बीच के स्टेशन से चलाना) किया जा रहा है.

यात्रियों के लिए राहत व्यवस्था: फंसे हुए यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने मरियानी-न्यू तिनसुकिया, लुमडिंग-मरियानी और रंगिया-मरियानी के बीच अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जब तक जलस्तर नीचे नहीं जाता और पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक मुख्य मार्ग पर परिचालन स्थगित रहेगा.

Assam Flood: सीमांचल और उत्तर बंगाल के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री परेशान

असम में आए इस रेल व्यवधान का व्यापक असर किशनगंज, कटिहार, बारसोई, न्यू जलपाईगुड़ी (NJP), न्यू अलीपुरद्वार और न्यू कूचबिहार जैसे प्रमुख स्टेशनों पर देखने को मिल रहा है. ट्रेनों के समय में अचानक बदलाव, रूट डायवर्जन और रद्द होने की वजह से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरपुर- भागलपुर में खुलेंगे AI और इंजीनियरिंग कॉलेज, इन लोगों पर लगेगा गुंडा एक्ट, सम्राट कैबिनेट ने 10 एजेंडों पर लगाई मुहर

इसे भी पढ़ें:  सम्राट चौधरी बोले- बिहार में विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं, हर महीने की 10 तारीख को आ रही पेंशन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >