School Committee: कोचाधामन प्रखंड के बुआलदह पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय अनारकली बुआलदह में बुधवार को विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति के पुनर्गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में विधायक सरवर आलम की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
विद्यालय के विकास को लेकर हुई चर्चा
बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं और छात्र-छात्राओं के हित में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई. विधायक सरवर आलम ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विद्यालयों का समुचित विकास जरूरी है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ विद्यालय तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
शिक्षकों और अभिभावकों से की अपील
विधायक ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन और नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दें. वहीं अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने, उनकी पढ़ाई पर नजर रखने तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
शिक्षकों और कमरों की कमी का मुद्दा उठा
बैठक के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों ने विषयवार शिक्षकों की कमी तथा अतिरिक्त वर्ग कक्षों की आवश्यकता का मुद्दा उठाया. विधायक ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया.
कई जनप्रतिनिधि और शिक्षक रहे मौजूद
School Committee: बैठक में प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह यादव, अबुल कलाम आजाद, मुखिया अबु नसर, वार्ड सदस्य अफसर, मो. साजिद आलम, मो. गालिब, अदनान अख्तर, मो. नूरशेद आलम सहित विद्यालय के शिक्षक, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे.
