Kishanganj Agriculture College: किशनगंज. पोठिया प्रखंड स्थित डॉ कलाम कृषि महाविद्यालय, अर्राबाड़ी में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के सह अधिष्ठाता-सह-प्राचार्य डॉ के सत्यनारायण ने किया. उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा शुरू करने के लिए प्रेरित किया.
विद्यार्थियों को महाविद्यालय की व्यवस्था से कराया जाएगा परिचित
दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, विभिन्न अकादमिक इकाइयों, पाठ्यक्रमों, सुविधाओं और संस्थागत गतिविधियों की जानकारी देना है. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सामाजिक परिवेश से सहज रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा.
कृषि क्षेत्र में दक्ष पेशेवर बनने की अपील
सह अधिष्ठाता-सह-प्राचार्य डॉ के सत्यनारायण ने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में दक्ष और जिम्मेदार पेशेवर बनने के लिए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना चाहिए.
बिहार के साथ अन्य राज्यों से भी पहुंचे विद्यार्थी
महाविद्यालय में इस वर्ष नवप्रवेशित विद्यार्थियों में बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अन्य राज्यों के विद्यार्थी भी शामिल हैं. महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इससे संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक प्रतिष्ठा और व्यापक पहुंच का पता चलता है.
शैक्षणिक इकाइयों और पाठ्यक्रमों की दी जानकारी
शैक्षणिक प्रभारी डॉ महेश कुमार ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक इकाइयों एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों से परिचित कराया. उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने नियमित उपस्थिति, अनुशासन और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला.
शिक्षकों ने विद्यार्थियों से किया संवाद
कार्यक्रम में डॉ कुमारी रश्मि, डॉ अनिल कुमार, डॉ मनीष कुमार, डॉ आरती शर्मा, डॉ सागरिका भौमिक, डॉ आराधना सुमन सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे. शिक्षकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
2 सितंबर तक चलेंगी विभिन्न गतिविधियां
Kishanganj Agriculture College: दीक्षारंभ कार्यक्रम-2026 के तहत 2 सितंबर तक विभिन्न शैक्षणिक, अभिमुखीकरण और विद्यार्थी विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. महाविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उन्हें नए वातावरण में सहज बनाने का है.
