किशनगंज सदर अस्पताल किशनगंज में राष्ट्रीय लक्ष्य प्रमाणीकरण के लिए दूसरे दिन भी ऑनसाइट मेंटरिंग जारी रही. राज्यस्तरीय मेंटर ने अस्पताल के सभी विभागों का दौरा कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और जहां भी सुधार की आवश्यकता थी, उसे स्पष्ट रूप से चिन्हित किया. इस अवसर पर उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागवार कार्यों पर चर्चा हुई और टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए. सिविल सर्जन डॉ राज कुमार चौधरी ने निरीक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि लक्ष्य प्रमाणीकरण केवल प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि गर्भवती महिला और नवजात की सुरक्षा का वादा है. निरीक्षण के दौरान मिले बिंदुओं पर तुरंत सुधार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. हमारी प्राथमिकता है कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को समय पर और सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो. उन्होंने यह भी कहा कि निरंतर सुधार ही वह आधार है, जिस पर सदर अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अनवर हुसैन ने कहा कि दूसरे दिन की मेंटरिंग ने टीम को और सजग और अनुशासित किया है. सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और रोजाना प्रगति की समीक्षा हो रही है. त्रुटियों को तुरंत सुधारने का निर्देश दिया गया है. मुझे विश्वास है कि जब राष्ट्रीय स्तर की टीम निरीक्षण करेगी, तब हमारा अस्पताल आत्मविश्वास के साथ खड़ा होगा और सफलता सुनिश्चित होगी. मेंटोरिंग टीम ने समीक्षा के दौरान अस्पताल की स्वच्छता, संसाधनों का प्रबंधन, मरीज संतुष्टि और आपातकालीन सेवाओं की कार्यशैली को परखा. टीम ने साफ कहा कि प्रमाणीकरण केवल कागज़ी प्रक्रिया नहीं, बल्कि व्यवहारिक सुधार की मांग करता है. निरंतर अभ्यास और छोटे-छोटे सुधार ही वह आधार हैं, जिनसे सदर अस्पताल राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
