पौआखाली : पौआखाली थानाक्षेत्र में मीरभिट्टा पुल के नीचे बनाए गए अवैध डायवर्सन में बीते रविवार की अहले सुबह को मो शकील अख्तर की संदेहास्पद स्थिति में मिली लाश के बाद अब उनकी पत्नी ने अपने पति की हत्या का मामला पौआखाली थाने में दर्ज करायी है. सोमवार को हुए दर्ज मामले में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल ने पूछने पर बताया कि थानाक्षेत्र के मीरभिट्टा गांव निवासी मृतक शकील अख्तर की पत्नी मतलुवा बेगम ने लिखित आवेदन देकर डायवर्सन सिंडिकेट पर पति की साजिश रच कर हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की है.
अपने बयान में मतलुवा बेगम ने कहा है कि उनके पति शकील अख्तर जो उस रात घर से दस हजार रुपए लेकर किसी को देने गया था किन्तु देर रात तक वह घर वापस नहीं लौटने के बाद अहले सुबह नजमुल और एक अन्य व्यक्ति ने उसके घर पर फोन कर सूचना दी कि उनके पति शकील अख्तर की मौत ट्रक से कुचल कर हो गयी है. खबर सुनते ही घटना स्थल पर पहुंच कर पति की लाश देखकर मैं बेहोश हो गयी, जहां से लोगों ने मुझे और मेरे पति की लाश को उठा कर घर पहुंचाया.
पत्नी मतलुवा बेगम ने यह भी बयान में लिखा है कि पोस्टमार्टम के बाद घर लाए गए लाश को मिट्टी करने से पहले नहाने के दौरान पति के शरीर पर कई जख्मों के निशान पाए गए हैं साथ ही प्राइवेट पार्ट में जख्म के गंभीर निशान मिले है. इसलिए उन्हें पूर्ण आशंका है कि उनके पति का सड़क दुर्घटना में नही बल्कि साजिश के तहत उसकी हत्या की गयी है.
उधर मृतक की पत्नी मतलुवा बेगम के लिखित आवेदन पर पौआखाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध डायवर्सन सिंडिकेट के ऊपर भादवि की धारा 302,120 बी के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की अनुसंधान में कार्रवाई शुरू कर दी है. उधर मामला दर्ज होते ही मीरभिट्टा डायवर्सन सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है. कल तक गुलजार रहने वाला डायवर्सन आज ख़ामोशी की चादर ओढ़े वीरान पड़ा है.
