त्रासदी. महानंदा के जलस्तर में वृद्धि से गांवों में फैला बाढ़ का पानी, पशुओं का बुरा हाल
सुरक्षित स्थान पर 35 लोग पहुंचाये गये
बहादुरगंज : महानंदा नदी में अचानक जलस्तर काफी बढ़ जाने से यहां के पूर्वी दक्षिणी छोर पर स्थित देशियाटोली पंचायत के मुरमाला दमदमा आदिवासी टोला में जहां अभी भी दर्जनों परिवार बीते बुधवार की देर रात्रि से किसी टापू की भांति चारों तरफ पानी के बीच फंसे है वहीं प्रशासन द्वारा 35-40 परिवारों को केले के थम से बने भूरे पर लाद कर सुरक्षित स्थानों पर लाया गया है.
विस्थापित सभी परिवारों को फिलहाल मध्य विद्यालय मुरमाला परिसर स्थित सुरक्षित स्थानों में रखा गया है़ इससे पहले सुबह मिली सूचना के आधार पर स्थानीय बीडीओ शशि भूषण सुमन व सीओ सहदुल हक ने प्रभावित गांवों तक जाकर कैंप किये हुए हैं.चारों तरफ से पानी से घिरे आदिवासी परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को लेकर प्रयासरत है़
बीडीओ शशि भूषण सुमन के अनुसार बचे परिवारों को देर शाम तक सुरक्षित स्थानों पर लाने के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है़ उधर जिला प्रशासन के निर्देश पर ओएसडी राजेश कुमार गुप्ता दिन भर प्रखंड कार्यालय परिसर में जमे रहे और पूरे हालात की मॉनिटरिंग करने में जुटे है़ं श्री गुप्ता ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र में लौचा पंचायत के बोचागाड़ी गांव में कौल कनकई नदी की तेज धार का पानी जा घुसा है़ फलस्वरूप ग्रामीण विकट परिस्थिति के बीच लगभग दो किमी ही दूरी पानी में चल कर मुख्य पथ पर आने को लाचार है़ जिला प्रशासन के आदेश पर यहां शीघ्र ही नाव परिचालन की व्यवस्था की जा रही है़
पोठिया प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र के नौकट्टा पंचायत स्थित व्यापार मंडल में विगत तीन दिनों से 85 वर्षीय एक वृद्ध जिसके घर में पानी घुस जाने के कारण लगातार तीन दिनों तक भूखा प्यासा रह गया़ लोगों की सूचना पर बीडीओ, सीओ ने पीड़ित व्यक्ति को वहां से निकाल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोठिया पहुंचाया. वहीं सर्वप्रथम बीडीओ संदीप कुमार पांडे, सीओ समीर कुमार द्वारा वृद्ध व्यक्ति को खाना खिलाया गया़ वहीं सुरक्षित स्थान पोठिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया़ जहां उसका उपचार किया जा रहा है़ इधर प्रखंड क्षेत्र के लगभग पंचयतों में बाढ़ का पानी ग्रामीणों के घर में दस्तक दे चुका है़ बीडीओ, सीओ प्रखंड क्षेत्र के अलग अलग स्थानों पर सघन दौरा करते नजर आ रहे है़ं
पाठामारी प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के मेंची, महानंदा, चेगा व कनकई नदियां अपना विकराल रूप धारण कर लोगों को भयभीत कर रही है़ आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है़ इंसान से लेकर मवेशी तक लगातार हो रही बारिश से प्रभावित है़ं प्रखंड के भातगांव पंचायत में ठीका टोला, बक्सरभीट्ठा, दरभंगिया टोला, चुरली पंचायत के तबलभीट्ठा, विरनाबाड़ी, लोधाबाड़ी, भोगडावर पंचायत के ग्वालबस्ती, कलवर्ट, धुमगढ़, गणेश टोला, खारूदह पंचायत के गोगरिया, धसीकुड़ा, करवामनी, ठीका बस्ती, मुसहर टोली, कनकपुर पंचायत के बेहबुल डांगी, मुकेश बस्ती, मुंशीभीट्ठा आदि गांव में बाढ़ का पानी घुस जाने से लोग बेचैन है़ं बाढ़ से प्रभावित गांव का दौरा सीओ स्वयं कर नाव की सुविधा मुहैया करा रहे है़ं टेढ़ागाछ प्रतिनिधि के अनुसार पिछले दिनों से लगातार हो रही बारिश व नेपाल के जल अधिग्रहण क्षेत्र से छोड़े गये पानी की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गयी है़
प्रखंड क्षेत्र से बहने वाली अधिकांश नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों का कटाव जारी है़ सबसे ज्यादा कनकई व रेतुआ नदी में जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया और सड़कों पर तीन से चार फीट पानी बहने लगी है़ जलस्तर बढ़ने से मटियारी माली, धप्पर टोला, खजुरबाड़ी, डाकपोखर, चिल्हानिया गांव सबसे ज्यादा प्रभावित है़
कोचाधामनमें लगातार हो रही बारिश से प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न प्रमुख नदियों में आये उफान से कैरीवीरपुर, मजकुरी, हल्दीखोड़ा, सुंदरबाड़ी, बलिया पुरन्दाहा पंचायत के निचलते इलाके में बाढ़ का पानी फैल जाने से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है़ कनकई नदी के तट पर बसे कटहलबाड़ी, चैनपुर, असुरा, नेंगसिया, मजकुरी, पूरब एवं पश्चिम, बलिया, गोपियाटोली, पुरन्दाहा ग्राम वासियों में दहशत व्याप्त है़ बाढ के पानी सुरास चैनपुर बांध को पार कर अलगभग आधा दर्जन पंचायत के हल्दीखोड़ा हाट, धापी टोला, भोराहा, भेड़भेरिया, कुशपाड़ा, नेंगसिया, मजकुरी, बलिया, पुरनछाहा, कोचगढ़ आदि गांवों में पानी घुस गया है़ शीतलनगर, सपटिया पुल एवं टिटिहा धार से बह रही बाढ़ के पानी से निचले इलाके में जल मग्न होने से धान की खेती बुरी तरह प्रभावित हो रहा है़ खास कर कनकई नदी के तटवासी बाढ़ से कम परंतु भीषण कटाव से दहशत में रातजग्गा कर रहे है़
वहीं मजकुरी पंचायत के मुखिया ओम प्रकाश झा बताते हैं कि मुख्य रूप से मजकुरी पश्चिम में मस्जिद के पास भीषण कटाव के कारण गांव सहित मस्जिद को बचा पाना मुश्किल हो जायेगा़ वहीं मजकुरी पूरब एवं नेगसिया दक्षिण टोला भी कटाव के जद में है़ बलिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जकी अनवर ने कटाव के जद में आये बलिया गांव तथा सैकड़ों एकड़ उपजाऊ भूमि पर चिंता व्यक्त करते हुए कटाव निरोधक कार्य की मांग प्रशासन से की है़
