थाना भवन के जर्जर अवस्था में होने के कारण व विगत दिनों से जारी मूसलधार बारिश के कारण पूरे महिला थाना परिसर में जहां जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. वहीं भवन के अंदर भी बरसाती पानी के जमा हो जाने के कारण फरियाद लेकर पहुंचे फरियादियों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है़
किशनगंज : जिले की आधी आबादी को सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से गत 11 जनवरी 2012 को अस्तित्व में आया स्थानीय महिला थाना आज भी उद्घाटन की बाट जोह रहा है़ थाना भवन के जर्जर अवस्था में होने के कारण व विगत दिनों से जारी मूसलधार बारिश के कारण पूरे महिला थाना परिसर में जहां जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. वहीं भवन के अंदर भी बरसाती पानी के जमा हो जाने के कारण अपनी फरियाद लेकर पहुंचे फरियादियों के साथ साथ महिला थाना में पदस्थापित पुलिस कर्मियों को भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है़
छत से बूंद बूंद कर टपकते पानी व वेंटिलेटर के द्वारा थाना भवन में बरसाती पानी के इकट्ठा हो जाने के कारण पुलिस कर्मी अपना पैर ऊपर कर कार्य करने का विवश है़ सबसे बुरी स्थिति तो हाजत की है जहां टखने तक जमे बरसाती पानी को पुलिस कर्मियों को उपछ कर बाहर फेंकना पड़ता है़ हालांकि इस संबंध में पूछे जाने पर महिला थाना कर्मियों ने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया़ परंतु थाना पहुंचे एक फरियादी ने विभाग की उदासीनता पर ही प्रश्न चिह्न खड़ा कर दिया़, जबकि इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने कहा कि महिला थाना के नये भवन के लिए मुख्यालय को साथ पत्राचार किया जा रहा है़ उन्होंने कहा कि मुख्यालय द्वारा स्वीकृति प्राप्त होते ही थाना परिसर में ही महिला थाना भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जायेगा़
