ठाकुरगंज : प्रखंड के कनकपुर पंचायत से मुखिया पद के लिए नूरजहां बेगम ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया. प्रखंड मुख्यालय में बने काउंटर पर अपने समर्थकों के साथ पहुंची पूर्व प्रमुख नूरजहां बेगम ने पंचायत का विकास एवं अमन चैन बनाये रखना अपना उद्देश्य बनाया. बताते चलें पूरी तरह राजनैतिक परिवार से जुड़ी नूरजहां बेगम के पति मुश्ताक आलम 2001 से 2005 तक पंचायत के मुखिया रह चुके हैं.
उसके बाद नूरजहां बेगम ने प्रखंड प्रमुख के पद पर आसीन होकर प्रखंड में विकास की गंगा बहाने का दावा किया. अपने कार्यालय में प्रखंड के कई दर्जन प्राथमिक विद्यालयों को उत्क्रमित कर मध्य विद्यालय में परिवर्तित करने का श्रेय लेते हुए नूर जहां बेगम ने बताया कि प्रखंड के कई पंचायतों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति उनके कार्यकाल में ही शुरू हुई थी. वर्तमान में पंचायत के हर व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंचाये इसके लिए अपनी प्रतिबद्धता उन्होंने दर्शायी तथा कहा पंचायत के हर गांव में स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र खुले ये उनका प्रमुख कार्य होगा.
