किशनगंज : जिले में हाल के दिनों में तेजी से बढ़ रही साइबर क्राइम की घटनाओं पर विराम लगाने के लिए बहुत जल्द साइबर क्राइम कोषांग का गठन कर दिया जायेगा. ये बातें पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआइजी उपेंद्र कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कही. उन्होंने कहा कि विभिन्न कांडों के अनुसंधान के लिए आवश्यक वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए भी अब पुलिस कर्मियों को महानगरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. क्योकि किशनगंज जिला मुख्यालय में ही अब वैज्ञानिक अनुसंधान की सुविधा उपलब्ध हो जायेगी.
अप्रैल से होगा सेमिनार
उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक थाना के एक पदाधिकारी को अनुसंधान से संबंधित जानकारी मुहैया कराने के लिए आगामी अप्रैल माह में पूर्णिया में एक सेमिनार का आयोजन किया जायेगा.
श्री सिन्हा ने कहा कि आगामी 1 अप्रैल से लागू होने वाली मद्य निषेध को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने के साथ साथ पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव व पंचायत चुनाव के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाये रखने तथा निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस कटिबद्ध है.
उन्होंने कहा कि किशनगंज जिला के नेपाल व पश्चिम बंगाल सीमा से सटे होने के कारण यहां मद्य निषेध को प्रभावी ढंग से लागू करना पुलिस के लिए चुनौती के समान है. परंतु मुझे यकीन ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि किशनगंज पुलिस मद्य निषेध को प्रभावी ढंग से लागू करने में सफल रहेगी. इस मौके पर पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन, एसडीपीओ कामिनी वाला के साथ साथ कई अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
