दिघलबैंक : प्रखंड के तुलसिया पंचायत अंतर्गत भारटोली वार्ड चार गांव के लोग बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधा से वंचित हैं. इस कारण लोग अपनी मांगों को लेकर वोट बहिष्कार करेंगे.
ग्रामीणों ने कहा कि बिजली नहीं तो वोट नहीं. भारटोली गांव निवासी भीम लाल हरिजन, विवन लाल हरिजन, रंगीला देवी, भोला कुमार कर्मकार, सुकदेव ठाकुर, अजब लाल हरिजन सहित दर्जनों लोग बताते हैं कि भारटोली की आबादी पांच सौ है,
जहां अति पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा व महादलितों की बस्ती है. लेकिन खुद है कि आजादी के 68 साल बीत जाने के बाद भी गांव के लोग बिजली से वंचित है. इसी गांव में बूथ संख्या 53 है.
गांव में बिजली के पोल गाड़े गये है. बिजली ट्रांसफारमर भी लाया गया है. मगर उसे इस गांव में नहीं लगा कर कहीं दूसरे जगह लगा दिया गया है, जिससे लोग आक्रोशित है.
लोगों ने बताया कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते है लेकिन चुनाव जीतने के बाद चेहरा दिखाने नहीं आते है. ग्रामीणों की मांग है कि पांच नवंबर को होने वाली विधानसभा चुनाव से पूर्व बिजली गांव में आयी तो ठीक नहीं तो वोट बहिष्कार करेंगे.
