किशनगंज: भूकंप के झटकों से किशनगंज शहर में करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही. झटके महसूस होने के बाद लोग घर से खुली जगह की ओर भागे.
भूकंप की परवाह किये बगैर लोग अपने बच्चों को लाने उनके स्कूल पहुंच गये. स्कूलों के प्राचार्य के मोबाइल बजने लगे. लोग अपने बच्चों के बारे पूछने लगे. अधिकांश बच्चे बिना स्कूल बैग लिये ही परिजनों के साथ चले गये. शहर के बाल मंदिर स्कूल परिसर में परिजन अपने-अपने बच्चे को ढूंढ़ने में लगे थे.
अपने बच्चे को नहीं देख कई लोग बदहवास इधर-उधर दौड़-भाग कर रहे थे. मुख्य द्वार पर कई शिक्षकों ने अभिभावकों को समझाने व उन्हें शांत करने का भरपूर प्रयास किया लेकिन वे लोग अपने बच्चे की चिंता से परेशान थे. परिजनों को देख बच्चों के चेहरे खिल उठे. हालांकि कैलटैक्स-एमजीएम रोड में कुछ देर के लिए आवागमन थम सा गया था. केवल स्कूल बस को जाने दिया जा रहा था. विद्यालय में अपने-अपने बच्चे को लाने के लिए न्यायिक दंडाधिकारी, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यवसायी सभी परेशान व बेचैन दिखे.
