किशनगंज : अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर बुधवार को किशनगंज पुलिस-प्रशासन की ओर से शहर में रैली निकाली गयी, जिसमें पुलिस प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को नशा से मुक्त रहने की अपील की गयी. बुधवार को नेशनल हाई स्कूल से पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने हरी झंडी दिखाकर नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाल कर लोगों को जागरूक किया. व्यसन मुक्ति अभियान में बच्चों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशीष ने कहा कि नशा सभी बुराइयों की जड़ है.
निरोग जीवन व समृद्ध राष्ट्र के लिए नशे का करें त्याग : एसपी
किशनगंज : अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर बुधवार को किशनगंज पुलिस-प्रशासन की ओर से शहर में रैली निकाली गयी, जिसमें पुलिस प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को नशा से मुक्त रहने की अपील की गयी. बुधवार को नेशनल हाई स्कूल से पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने हरी झंडी दिखाकर नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत […]

नशा केवल शराब, सिगरेट का ही नहीं होता, नशा कोई भी हो उससे सिर्फ नुकसान ही होता है. बुराई से दूर रहना भी नशा मुक्ति ही है. उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो बड़े संवेदनशील होते हैं. हमें उन क्षणों पर अपने गुस्से पर काबू करना चाहिए. यदि हम ऐसा करने में सफल हो जाते है तो हमारी जीत निश्चित है.
किसी भी राष्ट्र की सबसे महत्वपूर्ण संपदा उसके नागरिक है और यदि नागरिक मदहोश हों तो उस राष्ट्र का क्या होगा यह विचारणीय है. इतिहास गवाह है कि अनेक देश, जातियां और सभ्यताएं नशे के कुचक्र में फंस कर अपना पतन करा चुकी हैं. अत: अभी भी समय है कि हम अपने देश की जनता को इस महादैत्य के विनाश से बचाकर राष्ट्र के नव सृजन में लगायें. किशोरावस्था और युवाअवस्था में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जतायी.
उन्होंने कहा कि बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए महिलाओं को जागरुक होना होगा. वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव मिक्की साहा ने कहा कि नशे से शारीरिक, मानसिक, आर्थिक तथा सामाजिक नुकसान के साथ-साथ कई अन्य नुकसान भी होते हैं
इसलिए नशा मुक्त समाज से ही स्वस्थ और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है. रैली में नेशनल हाई स्कूल, इंसान स्कूल, बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बालिका उच्च विद्यालय लाइन उर्दू मध्य विद्यालय, खगड़ा मध्य विद्यालय सहित अन्य स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रभातफेरी निकाल कर नशा मुक्ति से होने वाले फायदों के बारे में स्लोगन के माध्यम से संदेश दिया. इस अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बच्चों द्वारा नशा मुक्ति से संबंधी चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया एवं जिला प्रशासन द्वारा स्लम एरिया खगड़ा मछमारा पासवान टोला में लोगों को नशा मुक्त रहने का संकल्प अभियान चलाया गया, जिसके तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से होने वाले नुकसानों के विषय में जागरूक करने का काम किया जायेगा.
लोगों को यह बताया जाएगा कि नशा कोई भी हो, वो हमारे तथा परिवार व समाज के लिए हमेशा घातक होता है. इस अवसर पर एसडीपीओ डॉ अखिलेश कुमार, रेड क्रॉस सचिव मिक्की साहा, सुमित साहा, विकास कुमार साह रंजीत सिंह एवं विद्यालय के छात्र-छात्रा उपस्थित थे.