फारबिसगंजः शहर में वासंतिक नवरात्र, रामनवमी व श्री-श्री 1008 विष्णु विराट महायज्ञ के कारण उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंगलवार की रात पुलिस पदाधिकारी सतर्क रहे. अररिया के पुलिस कप्तान विजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने केसरी मुहल्ला स्थित विष्णु यज्ञ स्थल व विभिन्न पंडालों का भ्रमण किया.
पूजा पंडालों सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए चाक-चौबंद प्रशासनिक व्यवस्था दिखी. शहर के बंगाली टोला स्थित बारू जीवी समाज द्वारा बनाये आकर्षक पूजा पंडाल, नवरंग दुर्गा पूजा समिति पूजा पंडाल, अभ्यास जागरण पूजा समिति मेला रोड, बाजार समिति दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडालों के पास पुलिस पदाधिकारियों व बल सक्रिय थे.
एसडीओ सुभाष नारायण के नेतृत्व में शहर में गहन वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया. इसमें कई बड़े चार चक्का वाहन भी पकड़े गये. मौके पर डीएसपी अजीत कुमार सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर मो सफीउल्लाह, अरुण कुमार सुमन, थानाध्यक्ष विपिन कुमार, अनि राम स्वरूप प्रसाद, प्रभाकर कुमार, सअनि परमहंस राय आदि शामिल थे.
