पारिवारिक कलह और संपत्ति के बंटवारे को लेकर सचित झा ने दिया घटना को अंजाम. पिता हनुमान झा पर थी घर की जिम्मेवारी ़
कुर्लीकोट : ठाकुरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो के फारावारी में एक कलियुगी पुत्र ने पिता-पुत्र के पवित्र रिश्ते को कलंकित करते हुए देर रात कुल्हाड़ी से पिता की हत्या कर डाली. पिता को क्या पता था कि पुत्र ही दुश्मन बन जाएगा और गोद में जिसे खिलाया वही हत्यारा बन जाएगा. आरोपी सचित झा ने अपने पिता हनुमान झा के ऊपर रात्रि खाना खाने के दौरान तेज धारदार कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये. उन्हें तत्काल पीएचसी लाया गया.
चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए किशनगंज रेफर कर दिया. किशनगंज से भी चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर कर दिया गया. सिल्लीगुड़ी ले जाने के क्रम में कैलटेक्स चौक के समीप ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस की देखरेख में लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. ठाकुरगंज थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार तिवारी ने मध्यरात्रि को मिली गुप्त सूचना पर हत्यारे पुत्र सचित झा को उसके घर में ही धर दबोचा. इधर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना को लेकर जितनी मुंह उतनी बातें हो रही है.स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक पारिवारिक कलह और संपत्ति के बंटवारे को लेकर घटना घटित हुई है. पूर्व वार्ड पार्षद रहे सिकंदर पटेल से मिली जानकारी के मुताबिक परिवार मृतक हनुमान झा पर आश्रित था.
