मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त ने डीएम व एसपी के साथ किया स्थलीय निरीक्षण———-
मुख्यमंत्री के अगुवानी दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, चप्पे पर पुलिस की रहेगी तैनातीपरबत्ता. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित अगुवानी दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. सोमवार को मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त प्रवीण सिंह मीणा के नेतृत्व में जिला प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम ने अगुवानी पहुंचकर सुरक्षा एवं तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डीएम नवीन कुमार, एसपी राकेश कुमार, डीडीसी आदि वरीय अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की चूक नहीं हो, इसको लेकर अधिकारियों ने हर छोटे-बड़े बिंदु का बारीकी से जायजा लिया. विशेष रूप से निर्माणाधीन अगुवानी-सुल्तानगंज फोरलेन पुल परियोजना के आसपास सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आवागमन मार्ग और वीआईपी मूवमेंट को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री सुरक्षा सेल (सीएम सिक्योरिटी सेल) के अधिकारियों का भी क्षेत्र में आगमन हो चुका है. सुरक्षा टीम द्वारा कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलिपैड, सड़क मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल और आम लोगों की आवाजाही तक का अलग-अलग निरीक्षण किया जा रहा है. सुरक्षा अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संभावित रूट और वैकल्पिक मार्गों पर भी चर्चा की.
