ग्रामीणों ने पकड़ा कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा सरकारी चावल, डीलर की खुली पोल
ग्रामीणों ने पकड़ा कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा सरकारी चावल, डीलर की खुली पोल
स्वर्णपुरी गांव में पिकअप पर लदा राशन जब्त, चालक ने डीलर कल्याणी कुमारी का लिया नाम
बेलदौर (खगड़िया). प्रखंड क्षेत्र की इतमादी पंचायत के स्वर्णपुरी गांव में बुधवार की देर रात ग्रामीणों ने सजगता दिखाते हुए सरकारी राशन की कालाबाजारी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है. ग्रामीणों ने रात के अंधेरे में पीडीएस (जन वितरण प्रणाली) के चावल से लदी एक पिकअप को पकड़कर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) के हवाले कर दिया. इस घटना के बाद से संबंधित डीलर और कालाबाजारी के धंधे में संलिप्त सिंडिकेट के बीच हड़कंप मचा हुआ है.
चालक के कबूलनामे के बाद मचा हड़कंप
पिकअप पकड़े जाने के बाद वार्ड सदस्य बुद्धन सहनी व ग्रामीणों ने जब चालक से पूछताछ की, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया. चालक ने स्वीकार किया कि वह स्वर्णपुरी गांव की पीडीएस विक्रेता कल्याणी कुमारी के गोदाम से चावल लादकर उसे पिरनगरा भेजने जा रहा था. सूचना मिलते ही वार्ड सदस्य ने तुरंत इसकी जानकारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विमल कुमार को दी.
उपभोक्ताओं ने लगाए गंभीर आरोप
घटना की सूचना पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विमल कुमार ने संबंधित डीलर की दुकान व गोदाम पर पहुंचकर मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है. इस दौरान स्थानीय उपभोक्ताओं ने डीलर के खिलाफ शिकायतों का अंबार लगा दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि डीलर द्वारा समय पर राशन का वितरण नहीं किया जाता है. राशन वितरण के दौरान प्रत्येक उपभोक्ता के वजन में 1 से 2 किलो की कटौती की जाती है. वार्ड सदस्य के अनुसार, उक्त डीलर पूर्व में भी राशन की कालाबाजारी के मामलों में संलिप्त रही है.
विभागीय कार्रवाई की तैयारी
जांच के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने पाया कि मामला प्रथम दृष्टया कालाबाजारी से जुड़ा है. उन्होंने ग्रामीणों व वार्ड सदस्य को आश्वासन दिया कि मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को सौंपी जा रही है. दोषी पाए जाने पर डीलर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और लाइसेंस रद्द करने जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.