एनएच 31 पर ट्रक और स्कॉर्पियो की भीषण भिड़ंत, बांका के व्यवसायी पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल

खगड़िया के एनएच 31 पर ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच हुई भीषण टक्कर में बांका के व्यवसायी पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पूर्णिया जाने के दौरान गौछारी के समीप हुए इस हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए, जिसके बाद घायलों को इलाज के लिए महेशखूँट अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गोगरी, खगड़िया से रणवीर झा की रिपोर्ट: पसराहा थाना क्षेत्र के खगड़िया-नवगछिया मुख्य मार्ग एनएच 31 स्थित गौछारी के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. यहां मक्का लदे एक अनियंत्रित ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों और डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए महेशखूँट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है.

पूर्णिया जाने के दौरान हुआ हादसा

घायलों की पहचान बांका जिले के बौंसी निवासी मनीष डोलिया और उनकी पत्नी मधु डोलिया के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, दोनों खगड़िया की ओर से अपनी स्कॉर्पियो से पूर्णिया जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी गौछारी के पास पहुंची, सामने से आ रहे मक्का लदे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.

ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार, एनएच पर लगा जाम

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटना स्थल पर जमा हो गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस दुर्घटना के कारण एनएच 31 पर कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था. हालांकि, पसराहा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.

घायल मनीष डोलिया की स्थिति नाजुक

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल मनीष डोलिया की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है, जो खगड़िया के लिए रवाना हो चुके हैं. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच पर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के कारण अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >