चौथम. जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत रोहियार पंचायत स्थित बंगलिया गांव में अवस्थित शक्तिपीठ माता कात्यायनी मंदिर जाने वाली मुख्य मार्ग पर सोमवार को भारी जाम लग गया. रेलवे रिटायर्ड पुल संख्या-50 पर लगे जाम के कारण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया जाता है कि माता कात्यायनी मंदिर में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु छोटे-बड़े वाहनों से दर्शन के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं. बदला नगर पारा तटबंध से लेकर मंदिर तक की सड़क जर्जर होने के साथ-साथ वन-वे मार्ग है. इसके बावजूद दोनों ओर से वाहनों के प्रवेश के कारण सोमवार को पुल पर सैकड़ों वाहन और मोटरसाइकिल फंस गए, जिससे घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही. जाम में फंसे श्रद्धालुओं का कहना है कि पुल संकरा होने के कारण एक साथ दोनों ओर से वाहन आ जाने पर स्थिति और बिगड़ जाती है. बेगूसराय से दर्शन के लिए आए श्रद्धालु संतोष राम ने बताया कि वे पिछले आधे घंटे से जाम में फंसे हुए थे और प्रशासनिक व्यवस्था कहीं नजर नहीं आ रही थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर तक पहुंचने के लिए कोई वैकल्पिक और सुगम मार्ग नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को मजबूरी में इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे हर सप्ताह जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है. इधर मानसी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए चौकीदार की तैनाती की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सके.
माता कात्यायनी मंदिर जाने वाली पुल पर लगा जाम, श्रद्धालु परेशान
माता कात्यायनी मंदिर में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु छोटे-बड़े वाहनों से दर्शन के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं.
