दिल्ली में खरगी तिरासी पांडव की गोली मारकर सिपाही ने कर दी थी हत्या खगड़िया. दिल्ली में तेतराबाद पंचायत के खरगी तिरासी निवासी पांडव कुमार की मौत पर सांसद राजेश वर्मा ने शोक व्यक्त किया है. साथ ही हत्यारोपित पुलिसकर्मी को सजा दिलाने की मांग की है. सांसद ने कहा कि बीते 26 अप्रैल को दिल्ली में खगड़िया निवासी पांडव की पुलिसकर्मी द्वारा की गयी हत्या की घटना दुःखद है. यह अमानवीय कृत्य मानवता को शर्मसार करने वाला है. जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता है. सांसद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस के वरीय अधिकारियों से वार्ता कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया. सांसद ने दिल्ली पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा उन्हें ढांढस दिया. सांसद ने परिजनों को आश्वासन दिया कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा. सांसद ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान द्वारा पीड़ित परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी. कहा कि बिहार सरकार द्वारा भी सकारात्मक पहल करते हुए पीड़ित परिवार को श्रम अधिनियम के तहत 4 लाख रुपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है. सांसद ने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार एवं बिहार सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करायी जायेगी.
मृतक पांडव के घर दिल्ली पहुंचकर सांसद ने दिया दो लाख रुपये का चेक
मृतक पांडव के घर दिल्ली पहुंचकर सांसद ने दिया दो लाख रुपये का चेक
