55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में साक्षी ने जीता कांस्य पदक

55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता में साक्षी ने जीता कांस्य पदक

पटना में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय खगड़िया की छात्रा ने लहराया परचम

खगड़िया. पटना के बेली रोड स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ. इस प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय खगड़िया की 10वीं की छात्रा साक्षी राज ने ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीतकर जिले व अपने विद्यालय का नाम रोशन किया है. स्थानीय बबुआगंज निवासी अधिवक्ता मनोज देव की पुत्री साक्षी राज ने ताइक्वांडो के 52 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की. पटना संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी केंद्रीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-17 बालिका वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा थी. साक्षी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पदक पर कब्जा जमाया. जेएनकेटी स्टेडियम में संचालित ताइक्वांडो ट्रेनिंग सेंटर के कराटे प्रशिक्षक भानू प्रकाश सोनी ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि साक्षी राज ने पहली बार किसी बड़े स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया था. अपनी पहली ही भागीदारी में कांस्य पदक हासिल करना उसकी मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है. मालूम हो कि इस संभागीय प्रतियोगिता में पटना संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने ताइक्वांडो व बैडमिंटन जैसे खेलों में अपना हुनर दिखाया. साक्षी की इस सफलता पर उनके परिजनों, विद्यालय के शिक्षकों व खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >