पसराहा. थाना क्षेत्र के सोंडीहा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 83 पर आरआइ टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में महिलाएं व किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी का टीका लगाया गया. टीकाकरण कार्यक्रम में स्टेट आरआइ सेल के मधुकर दास ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि गार्डासिल वैक्सीन दरअसल सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने वाला एक सशक्त सुरक्षा कवच है, जो शरीर को उन वायरस से लड़ने के लिए तैयार करती है. जो भविष्य में कैंसर का कारण बन सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका सबसे बड़ा लाभ महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से सुरक्षित रखना है. वैक्सीन को लगाने का सबसे उपयुक्त समय किशोरावस्था है, जहां 14 से 15 साल की उम्र के बीच एक डोज लगवाना सर्वाधिक असरदार माना जाता है, क्योंकि इस आयु में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत मजबूत होती है. यह वायरस के संपर्क में आने से पूर्व ही सुरक्षा सुनिश्चित कर देता है. उन्होंने कहा कि विभिन्न वैज्ञानिक शोधों ने यह साबित किया है कि गार्डासिल का एकमात्र उद्देश्य गर्भाशय कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी की रोकथाम करना है. मौके पर टीकाकरण केंद्र पर बीएचएम रूपक कुमार, बीसीएम नीतू कुमारी, पंचायत समिति सदस्य जय चंद्र कुमार, सीएचओ अक्षय कुमार, एएफ अंजू कुमारी, आशा राजनंदनी, गीता कुमारी, रेणु कुमारी, पूनम भारती और सौरभ कुमार आदि मौजूद थे.
सोंडीहा आंगनबाड़ी केंद्र पर आरआइ टीकाकरण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
सोंडीहा आंगनबाड़ी केंद्र पर आरआइ टीकाकरण कार्यक्रम का किया गया आयोजन
