Kidnapping Case: परबत्ता (खगड़िया). थाना क्षेत्र के मोजाहिदा गांव से 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता की मां के आवेदन पर परबत्ता थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ नाबालिग की तलाश में जुट गयी है.
शादी की नीयत से अपहरण का आरोप
दर्ज आवेदन के अनुसार, 24 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे पीड़िता अपने घर के समीप खड़ी थी. आरोप है कि इंग्लिश लगार निवासी रामू पासवान और बड़ी लगार निवासी भुखना यादव ई-रिक्शा से वहां पहुंचे और दोनों ने मिलकर नाबालिग को जबरन अपने साथ ले गए. परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना को शादी की नीयत से अंजाम दिया गया.
नाबालिग के मंदबुद्धि होने का दावा
आवेदन में पीड़िता की मां ने बताया है कि उनकी पुत्री मंदबुद्धि है. इसी कारण वह घटना के दौरान शोर मचाने या अपना बचाव करने में सक्षम नहीं थी. घटना के बाद परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि नाबालिग के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है. मामले की गंभीरता को देखते हुए परबत्ता थाना पुलिस ने कांड संख्या 286/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बरामदगी के लिए जारी है छापेमारी
Kidnapping Case: थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 96 सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. नाबालिग की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
