खगड़िया : दो दशक से अधिक समय से भवन के अभाव का दंश झेल रहे मोरकाही थाना के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा. बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की ओर से बनने वाले नए थाना भवन का शिलान्यास एएसपी मुकुल रंजन, साइबर डीएसपी निशांत गौरव, नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया. इस दौरान मोरकाही थानाध्यक्ष उदय शंकर ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलापट्ट का अनावरण किया. कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.
20 वर्षों तक पंचायत भवन से संचालित होता रहा थाना
नक्सल गतिविधियों के भय, हथियार लूट की आशंका, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए करीब दो दशक पहले वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुराने थाना भवन को छोड़ दिया गया था. इसके बाद से मोरकाही थाना माड़र उत्तरी पंचायत भवन से संचालित हो रहा था. लगभग 20 वर्षों तक भवन के अभाव में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सीमित संसाधनों के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभानी पड़ीं. पर्याप्त कार्यालय, अभिलेख कक्ष, बैरक और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं होने से कार्य संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
नए भवन से पुलिस व्यवस्था होगी मजबूत
नए थाना भवन के निर्माण से मोरकाही थाना आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. इससे पुलिसकर्मियों के कार्य करने की व्यवस्था बेहतर होगी, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और आम लोगों को भी पुलिस संबंधी सेवाएं अधिक सुगमता से मिल सकेंगी. भवन बनने के बाद थाना संचालन के लिए आवश्यक सभी बुनियादी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी.
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि सुनील चौरसिया, मुखिया रागिनी कुमारी, सरपंच प्रतिनिधि रामदेव ठाकुर, पंचायत समिति सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता मो. इम्तियाज आलम, राकेश कुमार पासवान, गौतम मंडल, डॉ. अबरार, चौकीदार धर्मेंद्र कुमार, विजय पासवान, अशोक पासवान, रंजीत यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
और पढ़ें :सरकारी पिस्तौल छीनने और पुलिस पर हमले में पांच पर केस, फरार आरोपितों की तलाश तेज
