खगड़िया : स्थानीय बाजार के समाजसेवी एवं शिक्षाविद मनोज कुमार ने आकाशवाणी भागलपुर के एक विशेष कार्यक्रम में समाज और राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा कर बेलदौर का मान बढ़ाया. कार्यक्रम में आकाशवाणी के गौरव ने उनका साक्षात्कार लिया, जिसमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और रक्तदान जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.
वार्तालाप के दौरान मनोज कुमार ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. उन्होंने लोगों से कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में डालने तथा अपने घर, मोहल्ले और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की. साथ ही उन्होंने प्रत्येक रविवार सुबह छह बजे कम-से-कम आधे घंटे तक सामूहिक स्वच्छता अभियान में भाग लेने का आह्वान किया.
पर्यावरण संरक्षण पर उन्होंने कहा, "सांसों का कर्ज चुकाएंगे, पेड़ लगाएंगे, पेड़ बचाएंगे." उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के बीच अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा पेड़ों के संरक्षण का संकल्प लेने की जरूरत बताई.
शिक्षा के महत्व पर उन्होंने कहा कि "पढ़ेंगे और पढ़ाएंगे, सीखेंगे और सिखाएंगे." इसी भावना से समाज का समग्र विकास संभव है. वहीं रक्तदान जागरूकता अभियान पर उन्होंने कहा कि "रक्तदान स्वयं के स्वास्थ्य के लिए वरदान और दूसरों के लिए जीवनदान है. रक्तदान करके देखें, अच्छा लगेगा और अपने आप पर गर्व होगा." उन्होंने युवाओं से नियमित स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की.
समाजहित के विभिन्न कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और आकाशवाणी जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उनके विचार प्रसारित होने से बेलदौर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. इस अवसर पर नगर पंचायत की चेयरमैन ममता कुमारी, उपचेयरमैन प्रतिनिधि सूरज कुमार, पैक्स अध्यक्ष आशीष कुमार उर्फ विदुर, तेजनारायण गुप्ता, शिव कुमार अग्रवाल, दिलीप कुमार साह, श्रवण भगत सहित कई गणमान्य लोगों ने मनोज कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
