खगड़िया में शिक्षक दिवस पर बदला सम्मान का तरीका, अब अभिभावक बताएंगे बेहतर शिक्षक

इस शिक्षक दिवस, खगड़िया में सम्मान का तरीका बदल रहा है. अब आम लोग और अभिभावक सरकारी स्कूलों के बेहतरीन शिक्षकों की पहचान करेंगे. जिला शिक्षा विभाग इस अनूठी पहल से शिक्षकों के समर्पण को पहचान दिलाना चाहता है.

Khagaria Teacher Day 2026: खगड़िया में इस बार शिक्षक दिवस पर खगड़िया के सरकारी स्कूलों में बेहतर काम करने वाले शिक्षकों की पहचान सिर्फ विभागीय स्तर पर नहीं होगी, बल्कि अभिभावक और आम लोग भी बताएंगे कि उनके इलाके में कौन शिक्षक बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में जुटा है. जिला शिक्षा विभाग ने उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए जिलेवासियों से ऐसे शिक्षकों के नाम मांगे हैं, जो पढ़ाई के साथ बच्चों के शैक्षणिक विकास और विद्यालय के माहौल को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहे हैं.

जिला पदाधिकारी विक्रम विरकर के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार गौंड ने यह पहल शुरू की है. डीईओ ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिले के बुद्धिजीवी लोगों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सरकारी विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों की जानकारी विभाग तक पहुंचाएं.

फेसबुक पर कमेंट कर दे सकते हैं शिक्षक का नाम

शिक्षा विभाग के अनुसार, जिलेवासी ऐसे शिक्षक का नाम, पता और विद्यालय का नाम डीईओ के फेसबुक पेज पर कमेंट के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं. इसके आधार पर उन शिक्षकों की पहचान की जाएगी, जिन्होंने विद्यालय में नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन और बच्चों की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने के लिए बेहतर काम किया है.

विभाग का मानना है कि विद्यालय में शिक्षक के वास्तविक काम को सबसे करीब से बच्चे, अभिभावक और स्थानीय लोग देखते हैं. ऐसे में उनकी राय से उन शिक्षकों को सामने लाने में मदद मिलेगी, जो बिना किसी प्रचार के लगातार बच्चों के भविष्य को संवारने में लगे हैं.

सिर्फ पढ़ाना नहीं, बच्चों को समझना भी जरूरी

डीईओ अमरेन्द्र कुमार गौंड ने कहा कि एक शिक्षक की जिम्मेदारी सिर्फ कक्षा में पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं है. बेहतर शिक्षक वही है, जो बच्चों की समस्याओं को समझे, उनकी कमजोरियों को दूर करने का प्रयास करे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करे.

उन्होंने कहा कि नियमित विद्यालय पहुंचना, समय पर कक्षा का संचालन करना, बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार करना और विद्यालय में सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी शिक्षक की जिम्मेदारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

अच्छे शिक्षकों को सम्मान मिलने से बढ़ेगा मनोबल

शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को पहचान और सम्मान देना है. विभाग का मानना है कि जब किसी शिक्षक के अच्छे काम को सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलता है, तो इससे उसका मनोबल बढ़ता है. साथ ही दूसरे शिक्षक भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं.

खगड़िया के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए भी यह मौका महत्वपूर्ण है. वे अपने अनुभव के आधार पर बता सकते हैं कि किस शिक्षक ने बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, सीखने की क्षमता या विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है.

Khagaria Teacher Day 2026: 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर होगा सम्मान

शिक्षा विभाग की ओर से आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए बेहतर शिक्षकों की पहचान की प्रक्रिया में आम लोगों और अभिभावकों की राय को महत्व दिया जा रहा है.

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि जिले के अलग-अलग हिस्सों से अभिभावक और आम लोग किन शिक्षकों के नाम सामने रखते हैं. खास बात यह होगी कि इस बार सम्मान पाने वाले शिक्षकों की पहचान केवल उनके पद या विभागीय रिकॉर्ड से नहीं, बल्कि बच्चों और अभिभावकों के अनुभव से भी जुड़ी होगी.

Also Resd: बांका में 75 हजार रुपये रिश्वत लेते बीडीओ गिरफ्तार, मामा को भी दबोचा, निगरानी की छठी कार्रवाई से जिले में मचा हड़कंप

Also Read: पटना में शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर बैठे CTET कैंडिडेट, बोले- STET को मौका मिला तो हमें क्यों नहीं?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >