Khagaria News: खगड़िया जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मानसी थाना क्षेत्र के उत्तर महेशखूंट में संचालित एक कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का STF, DIU और मानसी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए. मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सूचना मिली कि मानसी थाना क्षेत्र के उत्तर महेशखूंट स्थित रेलवे गुमटी के पास एक बगीचे में कुछ लोग अवैध रूप से हथियार बना रहे हैं और उनकी खरीद-बिक्री भी कर रहे हैं.
सूचना के सत्यापन के बाद मानसी थाना, डीआईयू, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की.
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद लोग भागने लगे. जवानों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टिकारामपुर निवासी 42 वर्षीय पिंटू उर्फ पिकल यादव के रूप में हुई है.
हथियार बनाने का सामान और औजार बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान हथियार निर्माण में प्रयुक्त कुल 15 प्रकार के सामान बरामद किए. इनमें एक अधबना देसी कट्टा, अधनिर्मित कट्टा, लकड़ी का बट, कई बड़े और छोटे बैरल, ड्रिल मशीन, रेती, स्प्रिंग, हथौड़ी, छेनी, प्लास, रेती बेल्ट, मोबाइल फोन तथा अन्य तकनीकी औजार शामिल हैं. बरामद सामान को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
Khagaria News: आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला. प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा हथियारों की आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या 184/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियार तस्करी के नेटवर्क और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए लगातार अभियान चला रही है.
अवैध हथियारों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार निर्माण, तस्करी और अपराध से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध हथियार निर्माण या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
