दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल, शाम में बारिश के आसार: खगड़िया-गोगरी में मौसम ने लिया फिर यू-टर्न

मौसम विभाग ने रविवार शाम को जिले में बारिश की संभावना जताई है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

खगड़िया (गोगरी) से रणवीर झा की रिपोर्ट:

खगड़िया: जिले में पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी थी, लेकिन रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली. सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण उमस और गर्मी काफी बढ़ गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश और ठंडी हवाओं से जहां मौसम सुहावना हो गया था, वहीं रविवार को अचानक बढ़ी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. दोपहर तक धूप इतनी तीखी हो गई कि सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम देखी गई. हालांकि बीच-बीच में चल रही तेज और ठंडी हवाओं ने थोड़ी राहत जरूर दी.

आसमान साफ रहने के कारण धूप पूरे प्रभाव के साथ बनी रही, जिससे पसीने और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया. घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया, लेकिन दैनिक कामकाज के चलते लोग मजबूरी में बाहर निकलते रहे.

बदलते मौसम में बढ़ता स्वास्थ्य जोखिम

अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि इस तरह के बदलते मौसम में सर्दी, खांसी, उल्टी, वायरल बुखार, दस्त, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड, पीलिया, खाज और खुजली जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि इस मौसम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और बारिश के पानी, गंदगी तथा तेज धूप से बचें. उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है, इसलिए खान-पान में सावधानी बेहद जरूरी है.

डॉ. चंद्रप्रकाश के अनुसार इस मौसम में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना चाहिए. मूंग दाल का सेवन विशेष रूप से लाभकारी होता है क्योंकि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. उन्होंने लोगों से तले-भुने और अधिक मसालेदार भोजन से बचने की सलाह दी.

शाम में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने रविवार शाम को जिले में बारिश की संभावना जताई है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >