गोगरी पुलिस ने 25 हजार के इनामी अपराधी सतीश यादव को किया गिरफ्तार, रंगदारी मामले में था फरार

खगड़िया जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सतीश यादव उर्फ सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है. वह रंगदारी मांगने और मारपीट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल था.

Rewarded Criminal Arrested: खगड़िया जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोगरी पुलिस और डीआईयू टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक भानू प्रताप सिंह के निर्देश पर गोगरी थाना क्षेत्र के उसरी गांव में संयुक्त छापेमारी कर 25 हजार रुपये के इनामी और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल सतीश यादव उर्फ सतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया. आरोपी रंगदारी मांगने और मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार था.

गुप्त सूचना पर उसरी गांव में हुई छापेमारी

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डीआईयू और गोगरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी अपने गांव उसरी में मौजूद है. सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसरी निवासी रामविलाश यादव के पुत्र सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ गोगरी थाना कांड संख्या 299/25 के तहत रंगदारी का मामला दर्ज है.

टॉप-10 अपराधियों की सूची में था शामिल

Rewarded Criminal Arrested: एसपी ने बताया कि आरोपी जिले के टॉप-10 अपराधियों और 25 हजार रुपये के इनामी अपराधियों की सूची में शामिल था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही थी. लंबे समय से फरार रहने के कारण वह पुलिस की प्राथमिक सूची में शामिल था.

कई संगीन मामलों का है आरोपी

पुलिस के अनुसार सतीश कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 के बीच गोगरी थाना में लूट, रंगदारी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं. उसके विरुद्ध दर्ज प्रमुख मामलों में कांड संख्या 299/25, 540/21, 432/23, 73/23, 386/19 और 116/18 शामिल हैं.

सहयोगियों की तलाश में जुटी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि उससे अन्य आपराधिक घटनाओं और उसके सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.

एसपी बोले- अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधीक्षक भानू प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >