Khagaria Dowry Harassment Case: खगड़िया. दहेज की मांग को लेकर एक गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये नकद और एक बुलेट बाइक की मांग की. जब परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका, तो उसके साथ मारपीट की गई, खाना नहीं दिया गया और अंततः घर से निकाल दिया गया.
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
2025 में हुई थी शादी
खगड़िया के सन्हौली वार्ड संख्या 24 निवासी महेश साह की पुत्री सिंपल कुमारी ने महिला थाना में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि उनकी शादी 26 नवंबर 2025 को महेशखूंट थाना क्षेत्र के गांधी चौक वार्ड संख्या 5 पकरैल निवासी नंदकिशोर साह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी.
शिकायत के अनुसार विवाह में उनके पिता ने लगभग पांच लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये के जेवरात, फर्नीचर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया था.
शादी के कुछ दिनों बाद शुरू हुई दहेज की मांग
पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्य मायके से पांच लाख रुपये नकद और एक बुलेट बाइक लाने का दबाव बनाने लगे.
जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो उसके साथ लगातार मारपीट की जाने लगी. उसने आरोप लगाया कि कई बार उसे भोजन तक नहीं दिया गया और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया गया.
सात माह की गर्भवती होने के बावजूद प्रताड़ना
प्राथमिकी में कहा गया है कि वर्तमान में वह सात माह की गर्भवती है. इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाना बंद नहीं किया.
पीड़िता के अनुसार हाल में एक रात उसे कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया. आरोप है कि उसके आभूषण और अन्य सामान भी छीन लिए गए और फिर उसे घर से निकाल दिया गया.
पंचायत के बाद भी नहीं बना समाधान
सिंपल कुमारी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे वापस घर में रखने और इलाज कराने से इनकार कर दिया.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुकदमा करने पर हत्या कर शव गायब करने की धमकी दी गई.
Khagaria Dowry Harassment Case: पति समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
महिला थाना में दर्ज प्राथमिकी में पति नंदकिशोर साह, ससुर सोमन साह, सास मीरा देवी, जेठानी देवता देवी, भैसुर मिथुन साह और आनंद साह को नामजद आरोपी बनाया गया है.
पुलिस के अनुसार आवेदन के आधार पर महिला थाना कांड संख्या 35/26 दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
