भाभी से प्रेम संबंध का विरोध में पत्नी को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बोरे में किया बंद
खगड़िया. नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर टमटम स्टैंड के समीप गुरुवार देर रात रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आयी. पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी को पहले कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया फिर उसके बेहोश होने पर बोरे में बंद कर सड़क किनारे फेंक दिया. इतना ही नहीं दंपती के दो वर्षीय मासूम बेटी को भी वहीं बेसहारा छोड़कर फरार हो गया. रात में बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे राहगीरों ने बोरे से नवविवाहिता को बाहर निकाला और उसकी जान बचाई. राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 10 भगत टोला निवासी खुशबू कुमारी उर्फ मीनाक्षी कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. परिजनों ने बताया कि खुशबू की शादी कटिहार जिले के चंदन ठाकुर से हुई है. गुरुवार को उसका पति ससुराल वालों के साथ विदाई कराने मायके पहुंचा था. काफी समझाने-बुझाने के बाद देर रात परिजनों ने बेटी की विदाई कर दी. लेकिन घर से महज 300 मीटर दूर मथुरापुर टमटम स्टैंड के समीप पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित रूप से कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पत्नी को पिला दिया. कुछ ही देर में खुशबू बेहोश हो गयी.
बेहोश पत्नी को बोरे में बंद कर फेंका, मासूम को भी छोड़ भागे
परिजनों ने बताया कि युवती के बेहोश होते ही पति और उसके साथियों ने उसे एक बड़े बोरे में बंद कर सड़क किनारे फेंक दिया. इसके बाद दो वर्षीय पुत्री को भी वहीं छोड़कर सभी मौके से फरार हो गया. सुनसान जगह पर देर रात हुई इस घटना से नवविवाहिता की जान भी जा सकती थी. रात में काम खत्म कर लौट रहे कुछ राहगीरों ने बच्चे के लगातार रोने की आवाज सुनी. जब वे पास पहुंचे तो सड़क किनारे पड़े बोरे में हलचल दिखाई दी. लोगों ने तुरंत बोरा खोला तो अंदर एक नवविवाहिता बेहोश अवस्था में थी. इसके बाद राहगीरों ने नगर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर नवविवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.
पति का भाभी से चल रहा है अफेयर, इसलिए करता था प्रताड़ित
होश में आने के बाद खुशबू ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पति का अपनी भाभी के साथ प्रेम संबंध है. इसका विरोध करने पर पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. इसी वजह से मायके वाले उसे ससुराल भेजना नहीं चाहते थे. लेकिन पति किसी तरह परिवार वालों को विश्वास में लेकर विदाई करा ले गया और रास्ते में इस घटना को अंजाम दे दिया. घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है. उन्होंने आरोपित पति और उसके साथियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. यदि राहगीर समय पर नहीं पहुंचते तो खुशबू की जान भी जा सकती थी.
