Gogri Assault Case: खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार के आवेदन पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
खगड़िया. गोगरी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सोमवार रात घर में घुसकर मारपीट करने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. आरोप है कि आधा दर्जन की संख्या में लोग लाठी, डंडा और लोहे के रॉड लेकर घर में घुस गए और एक ही परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट की. घटना में परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
रात 9 बजे घर में घुसकर हमला करने का आरोप
फतेहपुर निवासी महेश दास की पत्नी नुनुदाय देवी ने गोगरी थाना में दिए लिखित आवेदन में बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में बैठी थीं. उसी दौरान दिलीप दास, दिलखुश दास, मनोज दास, मीरा देवी, कोमल कुमारी और मुगिया देवी लाठी, डंडा और लोहे के रॉड के साथ घर में घुस आए.
शिकायत के अनुसार सभी आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और उसके बाद परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे घर के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
Gogri Assault Case: छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने गोगरी थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया. आवेदन के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
गोगरी थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने बताया कि घायल पक्ष के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों की भी जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
