परबत्ता में बाढ़ का पानी उतरने लगा, लेकिन टूटी सड़कों ने बढ़ाई परेशानी : 22 सामुदायिक किचन से मिल रहा भोजन

परबत्ता क्षेत्र में बाढ़ का पानी घटने लगा है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है. हालांकि, क्षतिग्रस्त सड़कों से मुश्किलें बनी हुई हैं. प्रशासन 22 सामुदायिक किचन के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध करा रहा है और बचाव कार्य जारी है.

परबत्ता : प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ का पानी अब धीरे-धीरे उतरने लगा है. जलस्तर में कमी आने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन बाढ़ प्रभावित परिवारों की परेशानियां अभी बरकरार हैं. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी रखा गया है.

पानी में भींगकर बाढ़ पीड़ितों की समस्या सुनते सीओ | Prabhat Khabar Network

22 सामुदायिक किचन में मिल रहा पका भोजन

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रखंड के अलग-अलग स्थानों पर फिलहाल 22 सामुदायिक किचन संचालित किए जा रहे हैं. यहां प्रभावित परिवारों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अलावा कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से भी बाढ़ पीड़ितों के बीच सूखा राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है.

अंचल अधिकारी हरिनाथ राम ने बताया कि क्षेत्र में जलस्तर लगातार कम हो रहा है. हालांकि, प्रभावित लोगों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए राहत शिविर फिलहाल संचालित किए जाएंगे.

मूसलाधार बारिश में बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे सीओ

इधर, सीओ हरिनाथ राम की एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है. तस्वीर में वह मूसलाधार बारिश के बीच भरतखंड के विकास नगर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल जानते नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली.

पानी उतरने के बाद सामने आई क्षतिग्रस्त सड़कों की तस्वीर

बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही इससे हुए नुकसान की तस्वीरें भी सामने आने लगी हैं. मुरादपुर की मुख्य सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गयी है. सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.

प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित सड़कों को ऊंचा करने का प्रस्ताव जिला स्तर पर पहले ही भेजा जा चुका है. पानी पूरी तरह उतरने के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू किए जाने की संभावना है.

वहीं, माधवपुर पंचायत के ग्रामीण इलाकों की सड़कों को करीब चार फीट ऊंचा करने की योजना पर भी काम प्रस्तावित है. इससे बाढ़ के दौरान प्रभावित होने वाले ग्रामीण इलाकों में आवागमन की समस्या कम होने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पलटू झा

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >