बेलदौर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस की सरकारी पिस्तौल छीनने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में घायल आरोपित सहित पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है.
वाहन जांच के दौरान हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार, एसआई राहुल कुमार के लिखित आवेदन पर कुर्बन पंचायत के सठमा गांव निवासी अखिलेश सादा, उसकी मां इंदू देवी, बहन उषा देवी, बहनोई गैनु ऋषिदेव तथा एक अन्य नामजद आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात कुर्बन पंचायत स्थित सकरोहर-कुर्बन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क पर एसआई राहुल कुमार दो महिला पुलिसकर्मियों और दो चौकीदारों के साथ वाहन जांच अभियान चला रहे थे. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. आरोप है कि जांच के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और धक्का-मुक्की करते हुए एसआई की सरकारी पिस्तौल छीनकर फरार हो गए.
पिस्तौल के साथ आरोपित गिरफ्तार, भागने पर चली गोली
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपितों के घर की घेराबंदी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अखिलेश सादा को छीनी गई सरकारी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित को थाना लाने के दौरान उसने फिर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया. आत्मरक्षा और उसे रोकने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी. घायल आरोपित को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर और बाद में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया.
एसपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे मामले की समीक्षा की. उन्होंने फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान तथा सभी पहलुओं की गहन जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
