आसमान से बरसी आफत, एक पल में पांच मवेशियों की मौत

Khagaria News: खगड़िया के परबत्ता प्रखंड में शुक्रवार शाम ठनका गिरने से पांच मवेशियों की मौत हो गई. इससे तीन पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ग्रामीण प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

Khagaria News: खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड में शुक्रवार की शाम मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही सेकेंड में तीन पशुपालकों की वर्षों की मेहनत खत्म हो गई. यदुवंश नगर के बगुलवा ढाला के समीप ठनका गिरने से पांच मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और पीड़ित परिवार प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं. पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, जबकि अंचल प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है.

बारिश के बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली, मवेशियों की मौके पर मौत

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम बारिश के दौरान बगुलवा ढाला के समीप पशुपालकों का डेरा लगा हुआ था. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ ठनका गिर गया. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वहां बंधे पांच मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई. घटना इतनी अचानक हुई कि पशुपालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

तीन पशुपालकों को हुआ भारी आर्थिक नुकसान

स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सुधांशु कुमार ने बताया कि इस हादसे में बीजो यादव, मनीष कुमार और सुधीर यादव के कुल पांच मवेशियों की जान चली गई. ग्रामीणों का कहना है कि इन परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार पशुपालन ही है. ऐसे में एक साथ पांच मवेशियों की मौत से परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी.

Khagaria News: प्रशासन और पशुपालन विभाग ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना अंचलाधिकारी हरिनाथ राम को दे दी गई है. सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृत मवेशियों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच और औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी. अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बरसात के मौसम में बढ़ा ठनका का खतरा

मानसून के दौरान बिहार में आकाशीय बिजली की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. मौसम खराब होने पर खुले मैदान, खेत, ऊंचे पेड़ों और मवेशियों के साथ खुले स्थानों पर रहने से खतरा कई गुना बढ़ जाता है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गरज के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें.

गांव के लोगों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस बड़ी आर्थिक क्षति से कुछ राहत मिल सके.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paltu jha

पलटू झा प्रिंट माध्यम में 11 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. परबत्ता (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >