खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत टेम्हा बन्नी वार्ड संख्या 18 से एक युवती के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है. युवती के अचानक गायब होने के बाद परिजनों में भारी चिंता और अनहोनी का डर बना हुआ है. मामले को लेकर पीड़िता की मां के लिखित आवेदन के आधार पर महेशखूंट थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ प्राथमिकी (कांड संख्या 156/26) दर्ज कर ली गई है. पुलिस मोबाइल नंबर के तकनीकी अनुसंधान के जरिए युवती की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है.
सुबह आठ बजे अचानक गायब हुई युवती, मोबाइल पर बात करने का आरोप
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, युवती बीते दिन सुबह करीब आठ बजे अचानक अपने घर से लापता हो गई थी.
परिजनों ने काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहां पता लगाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. बाद में परिजनों को जानकारी मिली कि युवती एक अज्ञात लड़के के संपर्क में थी और उसके मोबाइल नंबर (7370895204) पर लगातार बातचीत करती थी. पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उसी युवक ने उनकी पुत्री को शादी व अन्य प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर भगा लिया है.
1.20 लाख नकद और जेवरात भी समेट ले गई साथ
परिजनों ने बताया कि घर की तलाशी लेने पर पता चला कि गोदरेज में रखे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती जेवरात भी गायब हैं.
पीड़ित मां ने गंभीर आशंका जताई है कि आरोपित युवक उनकी पुत्री की हत्या कर सकता है या उसे किसी गलत हाथों में बेच (तस्करी कर) सकता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई करते हुए बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है.
प्राथमिकी दर्ज कर लोकेशन ट्रेस करने में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए महेशखूंट थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित मां के आवेदन पर कांड संख्या 156/26 दर्ज कर लिया गया है.
आवेदन में दिए गए संदिग्ध मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डालकर वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए लोकेशन ट्रेस की जा रही है. थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि पुलिस पूरी तत्परता से जांच कर रही है और जल्द ही युवती को सकुशल बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
