मानसी में सड़क हादसे में मंटू यादव की मौत, दिसंबर में बेटी की शादी से पहले उजड़ा परिवार

मानसी में सड़क हादसे में मंटू यादव की दुखद मौत हो गई. दिसंबर में उनकी बेटी की शादी होनी थी, जिससे पहले परिवार पर दुखों का पहाड़ आ गिरा. गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

खगड़िया, मानसी. मानसी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुए सड़क हादसे में सैदपुर गांव निवासी स्वर्गीय नारायण यादव के 50 वर्षीय पुत्र मंटू यादव की मौत हो गयी. उनकी मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी. बताया गया कि मृतक की पुत्री की शादी आगामी दिसंबर माह में तय थी. शादी से करीब तीन माह पहले पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

बथान से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंटू यादव शनिवार देर शाम बदला घाट स्थित अपने बथान से घर लौट रहे थे. इसी दौरान मानसी थाना क्षेत्र के एसएच-95 पर खिरनिया गांव के समीप कुम्हरैली गांव के पास एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गयी. हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

112 पुलिस टीम की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना दी. मौके पर पहुंची 112 पुलिस टीम और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल मंटू यादव को मानसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

सदर अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में मौत

मानसी सीएचसी से खगड़िया सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मंटू यादव की मौत हो गयी. सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया.

दिसंबर में तय थी बेटी की शादी

मृतक मंटू यादव अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. उनकी पुत्री बिहार पुलिस में कार्यरत है और उसकी शादी इसी वर्ष दिसंबर माह में तय थी. बेटी की शादी की तैयारियों के बीच पिता की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है. हादसे की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है.

परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे लोग

घटना के बाद स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं. अचानक हुई मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना जतायी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >