बेलदौर में कटाव निरोधक कार्य में अनियमितता का आरोप, मानक के अनुरूप मिट्टी नहीं भरने की शिकायत

बेलदौर के मुनी टोला में कोसी नदी के कटाव को रोकने के लिए चल रहे कार्य पर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. एनसी में मानक के अनुसार मिट्टी न भरने और गुणवत्ता में लापरवाही का आरोप लगाया गया है.

बेलदौर (खगड़िया) : बलैठा पंचायत के मुनी टोला में चल रहे कटाव निरोधक कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाये हैं. ग्रामीणों ने कार्य में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके पर जांच कराने की मांग की है. यहां कोसी नदी के कटाव से गांव को बचाने के लिए करीब 510 मीटर लंबाई में एनसी (नायलॉन क्रेट) और बंबू रोल का कार्य कराया जा रहा है.

कटाव स्थल पर धीमी गति से चल रहा फ्लड फाईटिंग कार्य। | Prabhat Khabar Network

एनसी में मानक के अनुरूप मिट्टी नहीं भरने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि कटाव निरोधक कार्य में इस्तेमाल किये जा रहे एनसी में निर्धारित मानक के अनुसार मिट्टी नहीं भरी जा रही है. उनका दावा है कि कई एनसी में महज करीब 25 किलो मिट्टी भरकर काम पूरा करने की कोशिश की जा रही है.

ग्रामीणों का कहना है कि कम मात्रा में मिट्टी भरने से एनसी की मजबूती प्रभावित हो सकती है. ऐसे में बाढ़ और नदी के तेज बहाव के दौरान इनके बह जाने का खतरा बना रहेगा. ग्रामीणों ने बंबू रोल के कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाये हैं.

कटाव रोकने के काम में लापरवाही पर जतायी चिंता

ग्रामीणों के अनुसार, कोसी नदी के कटाव से बचाव के लिए कराया जा रहा यह कार्य मुनी टोला और आसपास के इलाके के लिए महत्वपूर्ण है. बाढ़ के दौरान कटाव निरोधक संरचनाएं गांव की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाती हैं.

ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि यदि कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गयी तो आने वाले समय में नदी का कटाव दोबारा गांव के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने प्रशासन से कार्य की तकनीकी जांच कराने और निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कराने की मांग की है.

संवेदक ने नहीं उठाया फोन

मामले में संवेदक चंदन कुमार और संजीव कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों ने फोन नहीं उठाया. ऐसे में ग्रामीणों द्वारा लगाये गये आरोपों पर संवेदक का पक्ष नहीं मिल सका.

वहीं, विभागीय अधिकारियों ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच करायी जायेगी. जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >