खगड़िया. नगर सभापति अर्चना कुमारी ने शहर के सुनियोजित एवं सुरक्षित विकास को लेकर जिला पदाधिकारी को विस्तृत प्रस्ताव भेजा है. प्रस्ताव में नगर क्षेत्र में फैले हाई टेंशन विद्युत तारों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप ऊंचा किए जाने तथा सभी विद्युत पोलो को एक समरूप और सीधी लाइन में स्थापित करने की मांग की है. नगर सभापति ने पत्र में स्पष्ट किया है कि शहर के कई हिस्सों में हाई टेंशन तार अपेक्षाकृत नीचे है. जो न केवल जन सुरक्षा के दृष्टिकोण से चिंताजनक है. बल्कि भविष्य में सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना के विकास कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो सकता है. बताया कि स्टेशन रोड क्षेत्र में हाई टेंशन तार को लंबा पोल लगाकर ऊंचा किया गया. जिससे सुरक्षा में सुधार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक हुआ है. उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि इसी मॉडल को नगर परिषद के सभी शहरी क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाय. विशेष रूप से डेकोरेटिव लाइट पोल, तिरंगा लाइट, स्ट्रीट स्केप डेवलपमेंट, फुटपाथ निर्माण, नाला निर्माण एवं अन्य संरचनात्मक कार्यों को ध्यान में रखते हुए विद्युत संरचना का पुनर्संयोजन आवश्यक है. नगर सभापति ने कहा कि यदि अभी सुनियोजित ढंग से कार्य नहीं किया गया तो भविष्य में बार-बार निर्माण, संसाधनों की बर्बादी और तकनीकी जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए यह कार्य नगर के दीर्घकालिक मास्टर प्लान के अनुरूप कराया जाना चाहिए. ताकि एक बार में ही सुव्यवस्थित एवं टिकाऊ व्यवस्था सुनिश्चित हो सके. नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद को आधुनिक, सुरक्षित और सुंदर स्वरूप देना हमारा लक्ष्य है. विद्युत तारों की ऊंचाई और पोलो की सुव्यवस्थित स्थापना केवल सौंदर्य का प्रश्न नहीं, बल्कि जन सुरक्षा और भविष्य की विकास योजनाओं से जुड़ा विषय है. यदि हम अभी संरचनात्मक सुधार कर लेते हैं तो आने वाले वर्षों में नगर का विकास और सुगमता से आगे बढ़ेगा. उन्होंने जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि संबंधित विद्युत विभाग, कार्यपालक अभियंता एवं तकनीकी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाय. नगर परिषद के इस प्रस्ताव को शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में एक दूरदर्शी और दीर्घकालिक सोच वाला कदम माना जा रहा है. इससे न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी. विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. नगर सभापति अर्चना कुमारी की यह पहल नगर परिषद को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है.
नगर परिषद को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए हाई टेंशन तार होगा ऊंचा: सभापति
मॉडल को नगर परिषद के सभी शहरी क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाय.
